बिसरख थाना पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, चार गिरफ्तार

Summary :

बिसरख पुलिस की कार्रवाई में बदमाश घायल, तीन साथी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार सुबह मुठभेड़ हुई है, जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुआ है, जबकि तीन बदमाशों को भागने के दौरान गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 17 फरवरी को थाना बिसरख पुलिस ने रोजा गोल चक्कर पर चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की गति बढ़ा दी और याकूबपुर मार्ग की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया और बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान समीर पुत्र रियासत, निवासी हापुड़ के रूप में हुई है।

समीर के खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज हैं और वह हापुड़ जिले के थाना सिम्भावली का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के मुताबिक, घायल बदमाश के अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान फहीम (गाजियाबाद), इस्माइल (मेरठ) और वाहिद (मेरठ) के रूप में हुई है।

इनसे पूछताछ में जानकारी मिली कि इस गिरोह ने 8-9 फरवरी की रात बिसरख थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से लिफ्ट लेकर उससे नकदी और एटीएम कार्ड छीन लिया था, जिसका बाद में दुरुपयोग किया गया था। यह गिरोह ऐसी घटनाओं में लिप्त रहता है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इन पर हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनसे घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने जब इस गिरोह के अपराधी के इतिहास को खंगालना शुरू किया, तो पता चला कि इसमें शामिल सभी आरोपियों पर अलग-अलग स्थान पर कई मामले दर्ज हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.