मायावती का विरोधियों पर निशाना, कहा- बसपा को छोड़ बाकी सभी सरकारों ने किया राजनीति का अपराधीकरण

Summary :

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर राजनीति का अपराधीकरण करने का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर राजनीति का अपराधीकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश को जंगलराज में धकेलने के बाद भी इनकी ‘जुमलेबाजी’ जारी है। 
मायावती ने विरोधियों पर लगाया आरोप 

इसके जवाब में हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर सत्ता में रहते हुए खुद कोई काम किये बिना सिर्फ चुनाव के समय तोहमत जड़ने का आरोप लगाया। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मायावती ने मंगलवार को अपने विरोधी दल भाजपा पर जुमले बाजी करने और सपा पर अराजक तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।  
यूपी को जंगलराज में ढकेलकर, जनता को त्रस्त करने के दोषी 
सपा और भाजपा का नाम लिये बिना उन्होंने ट्वीटर पर कहा, ‘‘बीएसपी को छोड़ सभी पार्टियों की सरकारें राजनीति के अपराधीकरण व अपराध के राजनीतिकरण, कानून के साथ खिलवाड़ तथा अपनी पार्टी के गुण्डों व माफियाओं को संरक्षण आदि से यूपी को जंगलराज में ढकेल इसे गरीब व पिछड़ बनाए रखकर जनता को त्रस्त करने की दोषी, किन्तु इनकी जुमलेबाजी जारी।’’  
विपक्षी दल जब सत्ता में होते हैं तब कोई काम नहीं करते हैं-योगी  
इसके कुछ समय बाद ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पलटवार कर सपा और बसपा का नाम लिये बिना ही कहा कि विपक्षी दल जब सत्ता में होते हैं तब कोई काम नहीं करते हैं और चुनाव आने पर आरोपों के तीर चलाने लगते हैं। योगी ने ट््वीट कर तंज कसा, ‘‘ एक कहावत है, ‘करें न धरें, तरकस पहने फिरें’..। पूरे विपक्ष का यही हाल है। सत्ता में रहे तो कुछ करा न धरा, अब चुनाव के समय सब ‘तरकस’ पहने फिर रहे हैं।’’ 

Desk Team