गौतमबुद्धनगर: 61 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई बोर्ड परीक्षा, 41 हजार छात्र शामिल

Summary :

41 हजार छात्रों के लिए 61 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा, कड़ी निगरानी

गौतमबुद्ध नगर जिले में सोमवार को 24 फरवरी से आयोजित बोर्ड परीक्षा 61 केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई है। इसके लिए पहले ही जिला अधिकारी, पुलिस अधिकारी और शिक्षा विभाग के साथ बैठक कर उन्हें नकल-मुक्त, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे चुके हैं। शिक्षा विभाग की तरफ से जिले में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर 8 जोनल, 11 सेक्टर और 61 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। नकल रहित परीक्षा के लिए 5 उड़ान दस्ते तैनात किए गए हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम की निगरानी के लिए भी तीन टीमें बनाई गई हैं। परीक्षार्थियों के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देश के मुताबिक, वे अपने साथ प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं क्योंकि इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

इसके अलावा परीक्षा केंद्र पर 30 मिनट या एक घंटा पहले पहुंचने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच को लेकर आने की सख्त मनाही की गई है। इसके अलावा परीक्षार्थी अपने साथ ब्लू, ब्लैक पेन, पेंसिल और अन्य परीक्षा से जुड़ी चीजें एक साथ लेकर आ सकते हैं।

इसके अलावा परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ-साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड या कोई अन्य सरकारी फोटो पहचान पत्र जरूर लेकर आना होगा, तभी उनकी एंट्री परीक्षा केंद्र में की जाएगी। शिक्षा विभाग की तरफ से सूरजपुर स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। छात्रों से जुड़ी परेशानी को लेकर एक नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर फोन कर छात्र अपनी परेशानी का समाधान ले सकते हैं। 9410280727 नंबर पर फोन कर छात्र कोई भी जानकारी ले सकते हैं और अपनी परेशानी बता कर उसका समाधान भी कर सकते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.