गाजियाबाद: मुरादनगर श्मशान घाट में शटरिंग गिरने से बड़ा हादसा, कई मजदूर दबे

Summary :

मुरादनगर श्मशान घाट में निर्माणाधीन टंकी की शटरिंग गिरी, कई घायल

गाजियाबाद के मुरादनगर के श्मशान घाट में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। श्मशान घाट में रविवार को निर्माणाधीन पानी की टंकी पर लगी शटरिंग अचानक गिर गई। मलबे में छह से अधिक मजदूरों के दबे होने की आशंका है। करीब कई लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, अभी कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।मुरादनगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह तोमर खुद मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन टंकी पर काम चल रहा था, तभी अचानक शटरिंग गिर गई।

बता दें कि यह दूसरी बार है जब मुरादनगर के श्मशान घाट में इस तरह का हादसा हुआ है। इससे पहले भी यहां लेंटर के ढांचे गिरने से करीब 24 लोगों की जान चली गई थी। आज हुए हादसे से साफ पता चलता है कि प्रशासन ने पिछले हादसे से कोई सबक नहीं लिया।सभासद शिवा चौधरी का कहना है कि प्रशासन को इस हादसे की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं, राष्ट्रीय व्यापारी सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित त्यागी ने कहा यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है।

मसूरी के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सिद्धार्थ गौतम ने बताया डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना मुरादनगर क्षेत्र स्थित ग्राम उखलारसी के शमशान घाट के अंदर निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग अचानक गिर गई। मलबे में कुछ लोग दब गए हैं।उन्होंने कहा कि सचूना पर तत्काल थाना मुरादनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वहां, पर कार्यरत कुल 14 मजदूरों में से कई घायलो को निकालकर सीएचसी अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें संजय नगर अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि एक व्यक्ति के सिर में ज्यादा चोट है और उसकी हालत गंभीर है। अन्य सभी घायल खतरे से बाहर हैं। मौके पर जानकारी मिली है कि ये निर्माणाधीन टंकी जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनाई जा रही थी। निर्माणाधीन पानी की टंकी के बारे में और भी जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.