उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के थाना बारादरी में कथित तौर पर एक सेवानिवृत्त कर्नल द्वारा महिला संग दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस इस मामले में आरोपी और उसके एक साथी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) रविंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला (30) कार्यक्रमों में गाना गाती है। महिला के आरोपों के हवाले से उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिले के ग्राम मड निवासी मोहर सिंह से महिला की एक संगीत कार्यक्रम में मुलाकात हुई थी। महिला के अनुसार मोहर सिंह ने खुद को सेवानिवृत्त कर्नल बताया था।
सिंह ने बताया कि चार साल पहले मोहर सिंह ने महिला से उसके घर पर दुष्कर्म किया और शादी का झांसा देकर कानूनी कार्रवाई न करने के लिए सहमत कर लिया। महिला का आरोप है कि मोहर सिंह ने उससे 20 लाख रुपये लेकर मकान भी बनाया लेकिन शादी के नाम पर टालमटोल करता रहा।
शिकायत के मुताबिक एक साल से कर्नल उससे पीछा छुड़ाने की कोशिश कर रहा है और मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। शादी का दबाव बनाने पर 27 मार्च को उसने हरिद्वार में शादी करने की बात की लेकिन रुड़की पहुंचकर उसने जब सिंह को फोन किया तो जवाब नहीं मिला।
महिला जब अपने घर लौटी तो रात आठ बजे मोहर सिंह और बरेली निवासी उसके साथी हमीद ने उससे मारपीट की और दोनों ने दुष्कर्म की कोशिश भी की। पुलिस अधीक्षक (नगर) ने बताया कि शुक्रवार को दुष्कर्म और मारपीट समेत भादंसं की संबंधित धाराओं में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



