फिल्म अभिनेत्री एवं मथुरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद हेमा मालिनी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सवाल किया है कि वह राम के नाम से इतना भड़क क्यों जाती हैं। हेमा मालिनी लोकसभा चुनाव और सरकार के गठन के पश्चात पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र लौटी थीं। वह आज स्थानीय अधिकारियों को कुछ पिछले अधूरे कामों में तेजी लाने का निर्देश देने के बाद वापस मुम्बई लौट गईं।
हेमा मालिनी ने वृन्दावन स्थित अपने आवास पर कहा, “भगवान राम का नाम लेने से तो दुष्टजनों की भी नैया पार हो जाती है लेकिन पता नहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उनके नाम पर भड़क क्यों जाती हैं। भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे।”
उन्होंने कहा, “सारी दुनिया भगवान के नाम से चल रही है। श्रीराम हों या फिर श्रीकृष्ण, दोनों का विदेशों तक में गुणगान हो रहा है। लेकिन ममता बनर्जी को पता नहीं क्यों ऐतराज हो रहा है। ऐसा करके वह क्या दर्शाना चाहती हैं। क्या साबित करना चाहती हैं?”

गौरतलब है कि गत दिनों बनर्जी तब नाराज हो गई थीं जब कुछ व्यक्तियों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाये थे। इन लोगों ने जय श्रीराम का नारा तब लगाया जब उनका काफिला बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र के भाटपारा क्षेत्र से गुजर रहा था।
पिछले महीने के शुरू में एक वीडियो में दिखाया गया था कि बनर्जी पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में तब नाराज हो गईं थीं जब कुछ व्यक्तियों ने उनके काफिले के सामने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाये थे। सांसद हेमा मालिनी वृन्दावन में इसी संबंध में पूछे गए सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया दे रही थीं।


Download Android App
Download iOS App



