रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने उत्तर प्रदेश को दो हिस्सों में बांटने की मांग की है उन्होंने आगे बात करते हुए कहा की यह समय की मांग है और इस बारे में वह प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर जरूर बात करेंगे और उनके पार्टी की ओर से अपनी मांगों का ज्ञापन सौपेंगे।
केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकर की सहयोगी आरपीआई के अध्यक्ष श्री अठावले ने यहां सर्किट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि देश के सबसे बड़े इस राज्य की राजधानी लखनऊ है। यहां दूर-दराज के जिलों के लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए जाने-आने में काफी परेशानियां होती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को विभाजित कर अलग पूर्वांचल राज्य बनाने के साथ ही इसकी राजधानी वाराणसी होनी चाहिए। इससे पूर्वांचल का और अधिक विकास होगा और जनता की समस्याएं भी काफी कम जो जाएंगी। उनकी पार्टी इस मुद्दे को जोरशोर से उठायेगी।
श्री अठावले ने कहा कि 404 विधान सभा एवं 80 लोक सभा सदस्यों तथा 75 जिलों वाला उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। इसे दो हिस्सों बांटने से कई बाधाएं दूर हो जाएंगी तथा विकास के कार्यों में और तेजी आएगी। उन्होंने आगे बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को पहले भी उठा चुकी है। वह अपनी पार्टी की ओर से पहले केंद्रीय मंत्री शाह और फिर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उनके सामने पेश करेंगे। महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव में अपनी पार्टी की भूमिका के सवाल पर श्री अठावले ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी और शिव सेना गठबंधन के साथ उनकी पार्टी 10 विधान सभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ना चाहती है।
इस बारे में संबंधित पक्ष के समक्ष इस मुद्दे को रखेंगे और उन्हें विश्वास है कि गठबंधन भारी जीत के साथ फिर सरकार बनायेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास में ‘बाधक’ संविधान की धारा 370 हटाने से पूरे देश में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के प्रति अच्छा संदेश गया तथा इसका लाभ भाजपा एवं सहयोगी गंठबंधन को हरियाणा एवं महाराष्ट्र विधान सभाओं के चुनावों में अवश्य मिलेगा। इन राज्यों में भाजपा गठबंधन एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सत्ता में आयेगी।
आरपीआई अध्यक्ष श्री अठावले ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘असक्षम’ बताते हुए कहा, ‘‘वह अपनी पार्टी नहीं चला सकते, देश कैसे चला पाएंगे।’’ केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि देश को मजबूती के साथ चलाने में श्री मोदी पूरी तरह से सक्षम हैं तथा पांच सालों से अधिक समय तक प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने यह साबित करके दिखा दिया है।


Download Android App
Download iOS App



