नयी दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने साहिबाबाद में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या की थी और तब से ही वह फरार चल रहा था। इसकी जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम आसिफ (40) बताया जा रहा है और वह नन्द नगरी का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले से ही डकैती, हत्या, लूट और झपटमारी समेत 40 मामलों में कथित तौर पर शामिल है।
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) अमित शर्मा ने बताया कि उसे पकड़ने के लिये सीमापुरी के निकट पुलिस ने जाल बिछाया।शनिवार रात करीब दो बजे सीमापुरी के निकट आसिफ को एक मोटरसाइकिल से आते हुए देखा गया और उसे रुकने के लिए कहा गया लेकिन वह भागने लगा। पुलिस के अनुसार आसिफ ने देसी पिस्तौल से पुलिस दल पर गोली भी चलाई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। बाद में पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आसिफ ने बताया कि उसने साहिबाबाद में दो फरवरी को अपनी पत्नी की हत्या की थी और इसके बाद से वह फरार था। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी की बहन और सास की हत्या करने की भी साजिश रच रहा था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और 22 कारतूस बरामद किये हैं।


Download Android App
Download iOS App



