इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन (आईआईसीएफ) ने अयोध्या विकास प्राधिकरण को मस्जिद निर्माण के लिए नक्शा सौंपा है। बाबरी मस्जिद-रामजन्मभूमि मामले में उच्चतम न्यायालय ने मस्जिद के लिए पांच एकड़ भूमि आवंटित की थी। न्यायालय के फैसले से अयोध्या में राम मंदिर बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ था।
अयोध्या के धन्नीपुर गांव में मस्जिद का निर्माण होगा। मस्जिद निर्माण को लेकर स्वीकृति के लिए नक्शा प्रस्तुत किया गया है। एक बयान में बताया गया कि इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के सदस्य अफजाल अहमद खान ने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ परियोजना को लेकर बैठक की।
मस्जिद निर्माण परियोजना के तहत 300 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, एक सामुदायिक रसोई और एक अध्ययन केंद्र होगा जिसमें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले मुस्लिमों का उल्लेख होगा।
मस्जिद में एक साथ करीब 2,000 लोग मौजूद रह सकेंगे। बयान में कहा गया कि 89,000 रुपये प्रक्रिया शुल्क के साथ अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह को 11 सेट में योजना का नक्शा प्रस्तुत किया गया है। अफजाल खान ने बताया कि नक्शा बहुत बड़े आकार का है और इसे ऑनलाइन जमा नहीं किया जा सकता था।


Download Android App
Download iOS App



