UP में लॉकडाउन 5.0 के लिए जारी होंगे निर्देश, कोरोना के खतरों को ध्यान में रखकर उठाए जाएंगे कदम

Summary :

योगी ने कहा है कि राज्य सरकार कोरोना संक्रमण के खतरों और केन्द्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन को ध्यान में रखकर आवश्यक कदम उठायेंगी।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार आज यानि रविवार को लॉकडाउन 5.0 को लेकर दिशा-निर्देश जारी करेगी। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने कहा है कोरोना महामारी के मद्देनजर लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को चरणबद्ध ढंग से समाप्त किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जारी नवीनतम निर्देशिका स्वागत योग्य है। योगी ने कहा है कि राज्य सरकार कोरोना संक्रमण के खतरों और केन्द्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन को ध्यान में रखकर आवश्यक कदम उठायेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संक्रमण के खतरों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठायेगी। पाबंदियों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जायेगा। सबसे पहले इस वैश्विक महामारी से लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखा जायेगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार देर रात ट्वीट कर कहा “कोरोना महामारी के दृष्टिगत लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को चरणबद्ध ढंग से समाप्त करने के संबंध में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में जारी नवीनतम निर्देशिका स्वागतयोग्य है। तदक्रम में, संक्रमण के खतरों का ध्यान रखते हुए यूपी सरकार आवश्यक कदम उठाएगी। ”

‘मन की बात’ में PM मोदी ने देशवासियों की सेवाशक्ति को कोरोना जंग में बताया सबसे बड़ी ताकत

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने अब देश को इसकी बंदिशों से राहत दिलाने की ओर कदम बढ़ा दिया है। अनलॉक-1 के नाम से शुरू की जा रही व्यवस्था में आवागमन से लेकर लगभग सभी गतिविधियों को शर्त के साथ शुरू किया जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके लिये तैयारी की है। प्रदेश के लिहाज से इसके लिये समीक्षा की जा रही है। राज्य की गाइडलाइन रविवार को जारी हो सकती है।
केंद्र सरकार ने एक से तीस जून तक लागू किए जा रहे अनलॉक-1 के संदर्भ में गाइडलाइन शनिवार शाम को जारी कर दीं। इनका पालन परिस्थिति अनुसार कराने की काफी कुछ छूट राज्य सरकारों को है। राज्य के आला अधिकारी शनिवार रात से की गाइडलाइन के अध्ययन और प्रदेश में संक्रमण के हालात की समीक्षा में जुट गए। देर रात तक प्रदेश के लिए अनलॉक-1 की गाइडलाइन तैयार करने का काम होता रहा।

Desk Team