हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी हत्याकांड संदिग्धों की तलाश जारी। इस दौरान शाहजहांपुर से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हत्यारों को देखे जाने की बात सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को एक होटल के सीसीटीवी से दोनों आरोपियों का फुटेज मिला है। ये आरोपी शाहजहांपुर में रुके थे, लेकिन एसटीएफ के पहुंचने की भनक मिलते ही अंडरग्राउंड हो गए। एसटीएफ ने आरोपियों की कार के ड्राइवर को अरेस्ट किया है और उससे पूछताछ कर रही है।
वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद से ही एसटीएफ ने होटलों और मदरसों के मुसाफिरखानों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। फुटेज सामने आने के बाद से एसटीएफ शाहजहांपुर में डेरा जमाए हुए है। सूत्रों की मानें तो कमलेश तिवारी हत्या के संदिग्ध हत्यारे लखीमपुर जिले के पलिया से इनोवा गाड़ी बुक कराकर शाहजहांपुर पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन पर होटल पैराडाइज में लगे कैमरे की सीसीटीवी फुटेज में इन दोनों संदिग्ध हत्यारों को देखे जाने का दावा किया जा रहा है।
दोनों संदिग्धों ने रेलवे स्टेशन पर इनोवा गाड़ी छोड़ दी और पैदल रोडवेज बस स्टैंड की तरफ जाते हुए दिखाई दिए। एसटीएफ ने इनोवा गाड़ी के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। इस बात की आशंका व्यक्त की जा रही है कि संदिग्ध शाहजहांपुर में ही कहीं छिपे हुए हैं। एसटीएफ की छापेमारी से होटल वाले सकते में हैं।
ज्ञात हो कि हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की शुक्रवार को दो बदमाशों ने लखनऊ में बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों बदमाश भगवा कपड़े पहने हुए थे और मिठाई के डिब्बे में पिस्टल व चाकू छिपाकर लाए थे। इस बीच उप्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओपी सिंह ने हत्या के आरोपी फरीद उर्फ मोइन खान पठान और अशफाक खान पठान पर ढाई-ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। सिंह ने कहा, “गुजरात में जो तीन आरोपी पकड़े गए हैं, उन्हें हम रिमांड पर यहां (लखनऊ) ला रहे हैं। बिजनौर में भी दो मौलाना को हमने पुलिस हिरासत में लिया है और उनसे हमारी टीम लगातार पूछताछ कर रही है।”


Download Android App
Download iOS App



