बलिया जिले में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने उस समय हंगामा कर दिया, जब उन्हें कथित तौर पर एक दलित लड़की के साथ मुस्लिम युवक के विवाह का पता चला। हंगामे के बाद दोनों को थाने ले जाया गया। वहीं पुलिस ने मुस्लिम युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जिले के उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय दलित युवती को लेकर इसी थाना क्षेत्र के पड़री गांव का निवासी दिलशाद बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित कचहरी में विवाह का पंजीकरण कराने गया था। तब युवती ने बुर्का पहना हुआ था।
उन्होंने बताया कि कचहरी में मौजूद करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने संदेह के आधार पर पूछताछ की, लड़की को नाबालिग बताते हुए इसे ‘लव जिहाद’ करार दिया तथा हंगामा शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें लोग लड़की को हिंदू दलित बताते हुए उसके परिजन को बुलाने और युवक को धमकाते तथा थाने ले जाने की बात कहते दिख रहे हैं।
वीडियो में लड़की कह रही है कि वह अपनी मर्जी से आयी है। सूत्रों के मुताबिक, करणी सेना के कार्यकर्ता युवक और युवती को जबरन बलिया शहर कोतवाली ले गये और वहां भी हंगामा किया। उभांव थाना में बुधवार रात दिलशाद के विरुद्ध लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर अपहरण के आरोप में मामला दर्ज किया गया। उभांव थाना के प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



