सभी मामलों को संवेदनशीलता से देख रहे हैं : DGP ओपी सिंह

Summary :

टप्पल कस्बे की इस बच्ची की हत्या से पहले उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया। वह 30 मई से गायब थी और तीन दिन बाद उसका शव बरामद किया गया।

उत्तर प्रदेश में नाबालिगों के साथ कथित बलात्कार की घटनाओं की पृष्ठभूमि में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ पी सिंह ने सोमवार को कहा कि सभी मामलों को पूरी संवेदनशीलता के साथ देखा जा रहा है और त्वरित कार्रवाई हो रही है। ओपी सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हाल ही में सामने आई घटनाओं में से ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में हुईं और अपराध उन लोगों ने किया जो पीड़िता के जानने वाले थे। 
डीजीपी ओपी सिंह की टिप्पणी हाल ही में अलीगढ़, कुशीनगर, हमीरपुर, कानपुर और मेरठ में नाबालिगों के साथ कथित बलात्कार की खबरों के परिप्रेक्ष्य में आयी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को पूरी संवेदनशीलता के साथ देखा जा रहा है और त्वरित कार्रवाई हो रही है। 
ओपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है और बैठक बुलायी है, जिसमें इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा होगी। अलीगढ़ में ढाई साल की एक बच्ची का क्षत विक्षत शव मिला। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। 
टप्पल कस्बे की इस बच्ची की हत्या से पहले उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया। वह 30 मई से गायब थी और तीन दिन बाद उसका शव बरामद किया गया। कुशीनगर में बीते शुक्रवार 12 साल की बच्ची को घर से उठाकर कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। 
कानपुर में रविवार को शिक्षक ने 15 साल की बच्ची के साथ कथित बलात्कार किया। हमीरपुर में रविवार को दस साल की बच्ची का नग्न शव बरामद किया गया। मेरठ में नौ साल की बच्ची का कथित बलात्कार करने के बाद शव सीवर में डाल दिया गया। बच्ची चार जून से गायब थी। 

Desk Team