प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को सभी सचिवों से मुलाकात करेंगे और इस दौरान वह सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि करीब शीर्ष 100 नौकरशाहों के साथ कुछ महत्वपूर्ण मंत्री भी बैठक में शिरकत कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, अतिरिक्त प्रधान सचिव और कैबिनेट सचिव सहित सभी मंत्रियों के सचिव बैठक में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री के 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर शाम साढ़े छह बजे यह बैठक होगी। सूत्रों ने बताया कि संभावना है कि बैठक के दौरान मोदी सरकार के एजेंडे को रेखांकित कर सकते हैं। वह शीर्ष अधिकारियों की प्रतिक्रिया भी लेंगे।
मोदी ने 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद भी ऐसी ही एक बैठक की थी। वह नियमित अंतरालों पर विभिन्न मंत्रियों के सचिवों के साथ बैठकें करते रहते हैं। मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान पीएमओ ने प्रशासन में सुधार के लिए विभिन्न विषयों पर सचिवों के आठ समूहों का गठन किया था। वह मासिक आधार पर विभिन्न राज्यों के सचिवों के साथ भी बातचीत करते रहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



