भीमताल : सातताल स्थित गरुड़ताल में शनिवार रात बीटेक के दो छात्र डूब गए। जिनका देर रात तक कोई पता नहीं चल सका। वहीं रविवार सुबह दोनों छात्रों को एसडीआरएफ की टीम ने बाहर निकाला। दोनों ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट भीमताल से बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन) का आठवां सेमेस्टर पास कर चुके थे। दोनों को रविवार को संस्थान से चले जाना था, इसलिए शनिवार को दोनों अपने चार अन्य साथियों के साथ घूमने निकले थे। वहीं परिजनों ने विश्वविद्यालय को घटना के लिए जिम्मेदार बताया, साथ ही पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की सूचना 10:15 बजे दी गई।
शनिवार को ग्राफिक एरा के छह छात्र संस्थान के निकटवर्ती गरुड़ताल घूमने गए थे। जहां मौज मस्ती करते हुए ताल के किनारे बैठे अक्षय दरमवाल पुत्र राजेंद्र दरमवाल निवासी ग्राम हल्दूपोखरा, हल्द्वानी और रितेश वर्मा पुत्र हरीश लाल वर्मा निकट थाना कोतवाली पिथौरागढ़ डूब गए। घटना के बाद साथ गए अन्य छात्रों नितिन अधाना, निवासी शांति विहार कॉलोनी रुद्रपुर, रोहित भट्ट निवासी पिथौरागढ़, दिनेश चंद नगरकोटी निवासी देवलचौड़ हल्द्वानी और राजवीर सिंह चौहान निवासी आवास विकास सिविल लाइन रामपुर ने संस्थान पहुंचकर निदेशक अनिल कुमार को घटना की जानकारी दी।
निदेशक ने थाने को सूचना देने के बाद थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने गरुड़ताल में जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिक अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। निदेशक ने बताया कि इनमें से कुछ छात्रों को शनिवार शाम तो कुछ को रविवार को संस्थान छोड़ देना था।


Download Android App
Download iOS App



