ऑनर किलिंग : नौवीं की छात्रा की हत्या

Summary :

नौवीं कक्षा की छात्रा की हत्या कर दी गई। मामला ऑनर किलिंग का बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में पिता समेत अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या और शव को खुदबुर्द करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।

हरिद्वार : नौवीं कक्षा की एक छात्रा की हत्या कर दी गई। मामला ऑनर किलिंग का बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में छात्रा के पिता समेत अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या और शव को खुदबुर्द करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। झबरेड़ी कलां गांव निवासी नौवीं कक्षा की छात्रा कोमल (16) पुत्री रामआसरे की शुक्रवार रात मौत हो गई। छात्रा के पिता गांव में ही किसानों के यहां मजूदरी करते हैं। अल सुबह परिजनों ने छात्रा के शव का गांव के पास ही स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया। 
शनिवार शाम करीब तीन बजे किसी ग्रामीण ने झबरेड़ा पुलिस को बताया कि छात्रा की हत्या कर शव का आनन फानन दाह संस्कार किया गया है। इस सूचना के बाद पुलिस श्मशान घाट पर पहुंची, लेकिन तब तक शव पूरी तरह से जल चुका था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने गांव के श्मशान घाट से चिता की राख और अस्थियां कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच को भेज दिया। पुलिस ने संदेह के आधार छात्रा की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
वहीं, घर के अन्य सदस्य घटना के बाद से फरार हैं। प्राथमिक जांच, ग्रामीणों और कोमल की मां से पूछताछ के आधार पर पुलिस को प्रथमदृष्टया मामला हत्या का लगा। पुलिस को जांच में यह भी आशंका हुई कि छात्रा की हत्या उसके किसी युवक से प्रेम प्रसंग को लेकर की गई है। ऐसे में मामला ऑनर किलिंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सीओ मंगलौर डीएस रावत ने बताया कि छात्रा की अस्थियां फॉरेंसिक जांच को भेजी गई हैं। 
छात्रा की मां से पूछताछ की जा रही है। एक ग्रामीण की शिकायत पर देर रात पुलिस ने छात्रा कोमल के पिता रामआसरे और अन्य के खिलाफ हत्या और शव को खुदबुर्द करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
– संजय चौहान

Desk Team