भारत में कोरोना वायरस कहर जारी है। अब तक वायरस के 83 मामले सामने आ चुके है, वहीं, लखनऊ में 22 साल का एक युवक कोरोना वायरस की जांच में पॉजिटिव पाया गया है और उसे किंग जॉर्ज मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ राजधानी में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दो हो गई है। यह रोगी पहली महिला रोगी का रिश्तेदार है जो कनाडा से भारत आयी थी।
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी :केजीएमयू: के मेडिसिन विभाग के चिकित्सक प्रो डी हिमांशू ने बताया कि सर्दी जुकाम से पीड़ित युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके नमूने परीक्षण के लिये केजीएमयू भेजे गये थे। शुक्रवार रात नमूने की जांच पॉजिटिव पाए जाने के बाद युवक को केजीएमयू भेज दिया गया जहां उसे अलग वार्ड में रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस रोगी के नमूने विस्तृत परीक्षण के लिये पुणे भेजे जा रहे हैं। युवक की हालत फिलहाल स्थिर है।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ सुधीर सिंह ने बताया कि यह युवक कनाडा में रहने वाली महिला का रिश्तेदार है और उसके संपर्क में आने के कारण ही वह भी संक्रमित हुआ है। डॉ हिमांशु के अनुसार इससे पहले कनाडा के टोरंटो में रहने वाली 35 वर्षीय महिला डॉक्टर 11 मार्च को कोरोना के लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती हुई थी। वह आठ मार्च को अपने पति के साथ लखनऊ अपने रिश्तेदारों से मिलने आयी थी।
उन्होंने बताया कि दो दिन बाद हल्का बुखार होने के बाद 11 मार्च को वह केजीएमयू के मेडिसिन विभाग में आई तो जांच में पता चला कि वह करोना वायरस से ग्रसित है। दोबारा जांच में भी करोना वायरस की पुष्टि हुई। विस्तृत जांच के लिए महिला के नमूने पुणे भेजे गए हैं। डॉक्टर ने बताया कि महिला के पति की भी कोरोना के संदेह में जांच की गई थी लेकिन जांच नेगेटिव निकलने के बाद उसे दो दिन अस्पताल में रखने के बाद छुट्टी दे दी गयी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के अब तक 11 रोगी पाये गए हैं जिसमें से सात आगरा के, दो गाजियाबाद के, एक नोएडा तथा एक लखनऊ का है। इनमें से 10 का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तथा एक का उपचार लखनऊ के केजीएमयू में हो रहा है। आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में इस समय कोरोना वायरस काफी नियंत्रण में है। सरकार की तरफ से इससे लडऩे के हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुये प्रदेश सरकार ने निजी विधालयों सहित सभी बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के सभी स्कूल-कॉलेज 22 मार्च तक बंद कर देने की घोषणा की है।


Download Android App
Download iOS App



