पुराने लखनऊ के हेरिटेज जोन को शुक्रवार को एक नई पहचान मिली। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने घंटाघर के सामने हुसैनाबाद स्थित लाजपत नगर में बने फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण किया। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (NBRI) द्वारा करीब 2.3 एकड़ में विकसित इस पार्क में कभी कूड़े का ढेर था, आज वह 200 से अधिक प्रजातियों के सुगंधित और औषधीय पौधों से महक रहा है।
क्या है खास:
पार्क में 50 से अधिक प्रकार के सुगंधित फूल लगाए गए हैं, जिनमें चमेली, चंपा, बेला, मोगरा, गंधराज, रातरानी, रजनीगंधा, गुलाब, स्टार जैस्मीन और चांदनी प्रमुख हैं। हर पौधे के पास उसकी प्रजाति और उपयोग की जानकारी का बोर्ड लगा है।
पर्यटकों के लिए कैफे, ओपन थिएटर, बच्चों के झूले, बैठने की व्यवस्था और इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाया गया है, जहां वीडियो के माध्यम से इत्र और पौधों की जानकारी दी जाएगी। सुरक्षा के लिए CCTV और दिव्यांग व दृष्टिबाधित लोगों के लिए रैंप और ब्रेल पैनल की सुविधा भी है।
दो महानायकों को नमन:
लोकार्पण के साथ ही पार्क में पंजाब केसरी लाला लाजपत राय और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की आदमकद प्रतिमाओं का अनावरण भी किया गया। राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्क का नाम लाला जी के नाम पर होना और यहाँ भगत सिंह की प्रतिमा का होना, दो पीढ़ियों को एक सूत्र में पिरोता है। बच्चे जब यहाँ आएंगे तो उनके मन में स्वतंत्रता सेनानियों को जानने की जिज्ञासा पैदा होगी।
राजनाथ सिंह ने कहा, “आधुनिक शहर सिर्फ इमारतों से नहीं बनता, विकास ऐसा होना चाहिए जो लोगों के जीवन में महसूस हो। पार्क शहर की सामाजिक बुनियाद को मजबूत करते हैं। इस दौरान 43 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लखनऊ सांस्कृतिक व कला संग्रहालय का भी लोकार्पण किया गया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, विधायक, LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



Download Android App
Download iOS App





