Meerut Car Accident : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शनिवार देर रात रफ्तार और रसूख के नशे में चूर रईसजादों ने भारी तबाही मचाई है। शहर के एक नामचीन ऑटो पार्ट्स कारोबारी के बेटों ने अपनी लग्जरी गाड़ियों थार और इनोवा से बीच सड़क रेस लगाते हुए ड्यूटी पर तैनात सात पुलिसकर्मियों को रौंद दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने

गनीमत रही कि इस खौफनाक हादसे में जवानों की जान बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बेकाबू गाड़ी पुलिसकर्मियों को हवा में उड़ाते हुए साफ नजर आ रही है। इस हिट-एंड-रन मामले के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
यह वारदात शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे की है। उस वक्त ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की पुलिस टीम अपनी सरकारी जीप से रूटीन गश्त पर निकली हुई थी। जीप में पांच पुलिसकर्मी सवार थे, जो गश्त करते हुए टीपीनगर गेट के ठीक सामने प्राचीन हनुमान मंदिर के पास रुके थे। सभी जवान गाड़ी के पास सड़क किनारे खड़े होकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आपस में बातचीत कर रहे थे।
7 पुलिसकर्मी थे मौजूद

इसी दौरान आपातकालीन सेवा डायल-112 पर तैनात दो अन्य पुलिसकर्मी भी अपनी सरकारी मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गए। अब मौके पर कुल सात पुलिसकर्मी मौजूद थे। पूरी सड़क पर सन्नाटा था, लेकिन तभी अचानक इंजनों की गड़गड़ाहट के साथ रेस लगाती हुई गाड़ियां वहां पहुंचीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक सफेद रंग की तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे पुलिसकर्मियों के झुंड और उनकी सरकारी जीप में जा घुसी।
हवा में उछले जवान
इनोवा कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़े पुलिसकर्मी हवा में उछलकर दूर जा गिरे। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से तेजी से भाग निकला। हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी कंट्रोल रूम और नजदीकी थानों को दी।
सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और कई एंबुलेंस सायरन बजाती हुई घटनास्थल पर पहुंचीं। पूरी सड़क पर खून बिखरा हुआ था और घायल जवान दर्द से कराह रहे थे। सभी घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश और उनकी गाड़ियों को जब्त करने की कार्रवाई तेज कर दी है।


Download Android App
Download iOS App




