उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनावों के ( MLC Election) परिणाम घोषित हो रहे हैं। 27 एमएलसी सीटों पर 95 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। बीजेपी के गढ़ और पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भगवा पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। वाराणसी में बीजेपी के प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे।
PM मोदी के गढ़ में BJP को मिली हार
वाराणसी सीट से बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अन्नपूर्णा सिंह ने 4234 मतों से जीत हासिल की। वहीं दूसरे नंबर पर सपा उम्मीदवार उमेश यादव ने 345 मत हासिल किए। इसके साथ ही 170 मतों के साथ बीजेपी तीसरे नंबर की पार्टी बनकर उभरी।
देवरिया-कुशीनगर सीट से सपा उम्मीदवार कफील खान हारे
देवरिया-कुशीनगर सीट से सपा प्रत्याशी डॉक्टर कफील खान हार गए हैं। उनको बीजेपी के डॉक्टर रतनपाल सिंह ने हराया है। हारने के बाद कफील खान ने कहा कि यह लोकतंत्र की हार हुई है, जीत किसी की नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां लोगों को पैसों का लालच दिया गया और प्रधान-बीडीसी सदस्यों पर पुलिस प्रशासन ने दबाव बनाया।
बस्ती में BJP को मिली जीत
बस्ती में बीजेपी उम्मीदवार सुभाष यदुवंश 4280 वोट से विजयी हुए। उन्हें कुल 5167 मत मिले हैं। सपा प्रत्याशी संतोष यादव सन्नी को कुल 887 वोट प्राप्त हुए है। बस्ती-सिद्धार्थनगर स्थानीय प्रधिकारी निर्वाचन क्षेत्र मे कुल 6402 वोटर हैं। आजमगढ़-मऊ MLC चुनाव में भी बीजेपी हार गई है। यहां बीजेपी के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु जीते। यहां बीजेपी ने सपा विधायक रमाकांत यादव के बेटे अरुणकांत पर दांव लगाया था।
गौरतलब है कि मतदान वाले 58 जिलों में स्थित 27 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 09 अप्रैल को 739 मतदान केन्द्रों पर कुल 1,20,657 मतदाताओं में से लगभग 98 प्रतिशत ने मतदान किया था। मतदान वाली 27 सीटों पर आज हो रही मतगणना के बाद दोपहर बाद तक सभी सीटों पर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



