उत्तर प्रदेश में मदरसा छात्रों के लिए मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा। प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मदरसों के छात्रों की पढ़ाई में मदद के लिए उनके पाठ्यक्रम से संबंधित एक मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा।
अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री अंसारी ने गुरुवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में मदरसों के छात्रों की सहूलियत के लिए उनके पाठ्यक्रम पर आधारित एक मोबाइल ऐप तैयार किया जाएगा और विभाग के 100 दिनों के कार्यक्रमों में इस परियोजना को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि आजकल मोबाइल फोन आम चलन में है और कोविड-19 महामारी के दौरान ऑनलाइन कक्षाओं की शुरुआत के बाद से स्कूल के छात्र-छात्राएं भी मोबाइल फोन का काफी इस्तेमाल करने लगे हैं। अंसारी ने कहा कि इसी को देखते हुए मदरसे के बच्चों को भी उनका पाठ्यक्रम दिलचस्प तरीके से पेश करने के लिए यह मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है।
अंसारी में बताया कि इस एप्लीकेशन के जरिए बच्चे अपने पाठ्यक्रम को स्मार्टफोन पर आसानी से पढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि सूबे के कितने मदरसे इस योजना में शामिल किये जायेंगे, इसको लेकर शासन स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कुल 16,461 मदरसे हैं जिनमें से 560 को सरकारी अनुदान प्राप्त होता है।


Download Android App
Download iOS App



