बॉलीवुड सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह का कॉन्ट्रोवर्सीज से पुराना नाता है। वही, अब एक बार फिर हनी सिंह के साथ कुछ ऐसा कांड हो गया जिसके चलते वो सुर्खियों में छा गए। दरअसल, साउथ दिल्ली के एक क्लब में शो करने आए सिंगर यो यो हनी सिंह के साथ बदसलूकी और हाथापाई की गई। 27 मार्च को साउथ दिल्ली के एक क्लब में हनी सिंह के साथ मारपीट किए जाने के बाद चार से पांच अज्ञात लोगों के एक ग्रूप के खिलाफ एक शिकायत दर्ज की गई थी। इस शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर ली है।

इस दौरान हनी सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि दिल्ली के एक क्लब में 27-मार्च को जब वे अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे तभी अनजान लोगों ने उनके साथ हाथापाई की। यह शो साउथ एक्स पार्ट-2 के स्कॉल क्लब में चल रहा था। खबरों की मानें तो 27 मार्च की रात को शो के दौरान चार-पांच लोगों का एक ग्रुप जबरन स्टेज पर चढ़ गया और शो को डिस्टर्ब कर दिया।

भरे शो में उन्होंने बीयर की बोतलें दिखाईं और कलाकारों के साथ धक्का-मुक्की की और स्टेज से धकेल दिया। उसके बाद चेक शर्ट में एक व्यक्ति ने हनी सिंह का हाथ पकड़ा और उन्हें आगे की ओर खींचने लगा। वो इससे बचने की कोशिश कर रहे थे लेकिन वह शख्स हनी सिंह को चुनौती देता रहा और धमकाता रहा। इनमें से कुछ के पास हथियार भी थे।

लाल शर्ट में एक आदमी वीडियो बना रहा था और कह रहा था ‘भगा दिया हनी सिंह को।’ जानकारी के मुताबिक जब मामला सीरियस हो गया तो हनी सिंह को शो बीच में ही बंद करना पड़ा और सभी आर्टिस्ट स्टेज छोड़कर चले गए। पुलिस ने जानबूझकर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी देने और बाकी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, इस मामले पर अभी हनी सिंह या उनके वकील का कोई भी बयान सामने नहीं आया है।

आपको बता दें, हनी सिंह आए दिन ही अपने स्टेज शो की वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में हुए शो की वीडियो भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट की थी। हनी सिंह की ज्यादातर कमाई स्टेज शोज के जरिए ही होती है और उनके शो में इस तरह के हादसे भी होते रहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



