मोदी भ्रष्टाचार पर डराएं नहीं, कार्रवाई करें : राहुल

Summary :

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां गुरुवार को स्पष्ट कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस धमकी को महत्व नहीं देते कि अगर वह अगले पांच

रायबरेली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां गुरुवार को स्पष्ट कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस धमकी को महत्व नहीं देते कि अगर वह अगले पांच साल के लिए फिर सत्ता में आए तो कांग्रेस नेताओं को जेल भिजवाएंगे।

राहुल, मां व संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश के रायबरेली में नामांकन दाखिल किए जाने के समय मौजूद रहे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि मोदी ‘अपराजेय’ नहीं हैं और यह लोकसभा चुनाव के बाद स्पष्ट हो जाएगा।

यह आरोप लगाए जाने पर कि कांग्रेस भ्रष्टाचार लाई, पार्टी प्रमुख ने कहा, ‘मोदी अगर मेरे खिलाफ कोई कार्रवाई करें तो मुझे सचमुच बहुत खुशी होगी।’

देश में लोकसभा चुनाव के लिये मतदान उत्साहवर्धक, NDA के लिये अच्छा संकेत : BJP

राहुल ने कहा कि ऐसे कई उदाहरण हैं कि जब लोगों ने किसी को अपराजेय समझा, तो इतिहास ने उसे गलत साबित कर दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा, ‘उनकी अपराजेयता लोकसभा चुनाव के बाद पूरी तरह देखने को मिलेगी।’ उन्होंने कहा कि मोदी को कुछ सवालों के जवाब देने चाहिए। साथ ही राफेल सौदे पर बहस करने की चुनौती दोहराई।

राहुल ने कहा, ‘जिस दिन वह मुझसे बहस करेंगे, उसके बाद वह किसी से आंख मिलाने लायक नहीं रहेंगे। हर चीज स्पष्ट हो जाएगी।’

राफेल मसले पर सर्वोच्च न्यायालय में बुधवार को हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत ने इस मामले की जांच क्यों शुरू करवाई, प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना चाहिए। शीर्ष अदालत राफेल संबंधी प्रकाशित दस्तावेजों पर भी गौर करेगी। केंद्र सरकार ने पहले इन दस्तावेजों पर आपत्ति जताई थी।

मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर ‘गरीब व गर्भवती महिलाओं’ के लिए आवंटित धन की चोरी करने का आरोप लगाया था और इसे ‘तुगलक रोड चुनाव घोटाला’ करार दिया था। राहुल का आधिकारिक आवास नई दिल्ली के तुगलक रोड में है।

Desk Team