उत्तर प्रदेश के भदोही में ममता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गोपीगंज इलाके में एक महिला ने पति से झगड़ा होने से परेशान होकर अपने पांच मासूम बच्चों की नदी में डुबोकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक महिला अपने पांच बच्चों के साथ गंगा में कूद गई। हालांकि महिला खुद तैरकर बाहर निकल आई लेकिन सभी बच्चे डूब गए।
पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने रविवार को बताया जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद गांव में रहने वाली मंजू (36) का पति मृदुल यादव झारखंड में रहता है। शनिवार देर रात मंजू किसी को बताए बगैर अपने पांच बच्चों आरती (12), सरस्वती (10), मातेश्वरी (08), शिवशंकर (छह) और केशव (चार) को घर से लेकर निकली थी।
उन्होंने बताया कि मंजू ने रात करीब दो बजे गांव में ही स्थित गंगा नदी में सभी बच्चों को कथित रूप से डुबो दिया। सिंह ने बताया कि आसपास के लोग जब बच्चों को चीख सुनकर वहां पहुंचे तो उन्होंने महिला को नदी से तैरकर बाहर निकलते देखा। उन्होंने बताया कि रात में यह नजारा देखकर लोग डर गए और वहां से भाग गए।
मंजू सुबह तक घाट पर बैठी रही। सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मंजू से पूछताछ की तो उसने भयावह वारदात का खुलासा किया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मंजू ने बताया कि उसने अपने पांचों बच्चों को इसलिए गंगा में डुबोकर मार डाला क्योंकि उसका पति कई साल से उससे हर रोज झगड़ा करता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जहांगीराबाद घाट पर गंगा का पानी काफी गहरा है। गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



