प्रांतीय राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में मंगलवार शाम एक बहुमंजिला इमारत ढहने से मलबे में दबकर सात लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पहले बताया था कि हादसे में तीन लोगों के मरने की आशंका है।
मौके पर मौजूद उपमुख्यमंत्री पाठक ने बताया कि हजरतगंज में इमारत ढहने की घटना में सात लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि किसी की मृत्यु नहीं हुई है।
शाम को हादसे में तीन लोगों के मरने की बात कहने वाले पाठक ने देर शाम बताया कि उन लोगों को जब मलबे से निकाला गया था तो वे अचेत थे, जिससे उनकी मृत्यु काभ्रम हो गया था। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अभी सब ठीक हैं।’
पाठक ने कहा, ‘बचाव अभियान जारी है। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ (की टीम) मौके पर पहुंच गई है। पुलिस जवान और दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंच गए हैं। हमारी कोशिश है कि हम अपने भाई-बहनों की जान बचाएं। बचाव कार्य के दौरान जो भी घायल मिल रहे हैं उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।’’
पाठक ने कहा कि जिले के सभी अस्पतालों को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि चार मंजिला इमारत में 12 फ्लैट थे जिनमें से नौ में लोग रह रहे थे।
लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार से यह पूछे जाने पर कि क्या बहुमंजिला इमारत भूकंप के झटकों से गिरी, उन्होंने कहा, ”अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।”
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य कराने के आदेश दिए साथ ही कई अस्पतालों को भी अलर्ट रहने को कहा है।
लखनऊ में बहुमंजिला आवासीय इमारत गिरी ; सात लोग जख्मी, किसी की मौत नहीं
Summary :
प्रांतीय राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में मंगलवार शाम एक बहुमंजिला इमारत ढहने से मलबे में दबकर सात लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


Download Android App
Download iOS App



