Noida Man Jumped Into Drain: नोएडा में पत्नी से झगड़े के बाद नाले में कूदा युवक, 8 घंटे बाद मिला शव

Summary :

नोएडा सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास देर रात एक युवक ने अपनी पत्नी से झगड़ा होने के बाद गंदे नाले में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं।

नोएडा सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास देर रात एक युवक ने पत्नी से झगडे के बाद गंदे नाले में छलांग लगा दी। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर विभाग के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर बुलाया गया। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार तड़के युवक का शव नाले से बरामद कर लिया गया। करीब आठ घंटे तक टीमों ने नाले में युवक की तलाश की।

शराब को लेकर पति-पत्नी में विवाद

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान रवि (29) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जैनपुरा का रहने वाला है और फिलहाल हरौला, थाना फेस-1 क्षेत्र में रह रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब को लेकर रवि का पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद गुस्से में उसने सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित नाले में छलांग लगा दी। युवक के नाले में कूदने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर-39 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई।

करीब 8 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

नाले में पानी का बहाव और गहरा होने की वजह से तलाशी आसान नहीं थी। दूसरी तरफ अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग के कर्मचारियों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद देर रात को नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब आठ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार तड़के सुबह युवक का शव नाले से बरामद किया गया। इसके बाद युवक के परिजनों को सूचना दी गई।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और युवक ने किन परिस्थितियों में नाले में छलांग लगाई। कहा ये भी जा रहा है कि युवक ने नशे की हालत में छलांग लगाई थी। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

Also Read: शादी का भरोसा, बॉयफ्रेंड का कमरा और फिर 8 दिन का इंतजार, आगरा की विशाखा केस में बड़ा खुलासा

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।