विपक्ष का योगी सरकार पर हमला – अन्नदाता को कंगाल बनाकर भोजन के लिए आश्रित करना चाहती है BJP

Summary :

उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह रणनीति के तहत किसानों व आम लोगों को ‘कंगाल’ बना रही है।

जैसे – जैसे यूपी में विधानसभा चुनाव निकट आ रहे है राजनीतिक पार्टियों ने एक दूसरे पर हमले तेज कर दिए है। किसानों की आय को मुद्दा बनाकर विपक्ष ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए निशाना साधा है और भाजपा सरकार की नीतियों को अन्नदाता विरोधी करार दिया है।  
उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह रणनीति के तहत किसानों व आम लोगों को ‘कंगाल’ बना रही है ताकि लोग भोजन के लिए भी सरकार पर आश्रित हो जाएं। 
चौधरी ने जिला मुख्यालय स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने सूबे में अभी तक किसानों से दस फीसदी गेहूं की भी खरीद नहीं की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के बजाय बिचौलियों से खरीदारी की है। 
चौधरी ने आरोप लगाया, ‘‘ भाजपा सरकार रणनीति के तहत किसानों व आम लोगों को कंगाल बना रही है ताकि लोग भोजन तक के लिए भी सरकार पर आश्रित हो जाएं।’’ एक सवाल के जबाब में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी किसान नहीं हैं और न ही वह किसानों की पीड़ा को समझ सकती हैं। 
उन्होंने छोटे दलों के साथ गठबंधन के सवाल पर कहा कि सपा भाजपा को शिकस्त देने के लिए छोटे दलों के साथ इसलिए गठबंधन करेगी ताकि भाजपा के सत्ता में लौटने की कोई सम्भावना न रह सके। उन्होंने पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी के सपा में शामिल होने को लेकर पूछे जाने पर कहा कि उनकी घर वापसी पर फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। 

Ujjwal Jain