समाजवादी पार्टी और अपना दल (कमेरावादी) की संयुक्त उम्मीदवार पल्लवी पटेल ने मंगलवार को यहां कलेक्ट्रेट में सिराथू विधानसभा क्षेत्र के लिए सपा उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सिराथू में पल्लवी का मुकाबला उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार केशव प्रसाद मौर्य से होगा।
सिराथू विधानसभा क्षेत्र में पांचवें चरण में 27 फरवरी को मतदान होगा
नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने उपमुख्यमंत्री मौर्य पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘वह अगर कौशांबी के बेटे हैं तो मैं भी कौशांबी की बहू हूं और अगर बेटा निकम्मा निकल जाए तो बहू को बाहर निकलना पड़ता है।’’ ग़ौरतलब है कि पल्लवी पटेल की बहन केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की अगुवाई वाले अपना दल (सोनेलाल) का भाजपा से गठबंधन है। अनुप्रिया उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नामांकन के समय भी उपस्थित रही थीं।
पल्लवी पटेल से है सीधी टक्कर
समाजवादी पार्टी ने पल्लवी पटेल को सिराथू विधानसभा उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर पल्लवी पटेल यूपी के डिप्टी सीएम और भाजपा से प्रत्याशी केशव प्रसाद मौर्य को टक्कर देने देंगी। पल्लवी पटेल मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री और अपना दल (एस) की नेता अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं। यूपी की सियासत में पिछड़ों और खासकर कुर्मी समुदाय के बड़े नेता रहे सोनेलाल पटेल की दूसरी बेटी हैं। पल्लवी साल 2008 में राजनीतिक में सक्रिय हुई थीं। साल 2009 में उनके पिता सोनेलाल पटेल के निधन के बाद उनकी मां कृष्णा पटेल अपना दल की अध्यक्ष बनीं और बहन अनुप्रिया राष्ट्रीय महासचिव बनीं।
साल 2014 में कृष्णा पटेल ने पल्लवी पटेल को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया, लेकिन अनुप्रिया को ये बात बिल्कुल पसंद नहीं आई और उन्होंने इसका विरोध किया। विवाद बढ़ा और साल 2016 में पार्टी बंट गई। अनुप्रिया पटेल ने अपना दल (सोनेवाल) बनाया। वहीं, पल्लवी पटेल और उनकी मां की कृष्णा पटेल ने अपना दल (कमेरावादी) का गठन किया।


Download Android App
Download iOS App



