प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार होने का मतलब ‘दंगा राज, माफिया राज और गुंडाराज पर नियंत्रण’ है। प्रधानमंत्री मोदी ने सीतापुर जिले की महोली, सीतापुर, हरगांव, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद, सिधौली और मिश्रिख विधानसभा क्षेत्रों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के समर्थन में सीतापुर के मिलिट्री ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा,‘‘आपका ये उत्साह बता रहा है कि उत्तर प्रदेश में अगले पांच चरणों के मतदान में भाजपा का ही परचम लहराएगा।’’
BJP सरकार होने का मतलब
मोदी ने कहा, ‘‘यूपी (उत्तर प्रदेश) में भाजपा सरकार का मतलब है कि पूजा के दिन हों, पर्व के दिन हों, पूजा पर्वों को मनाने की खुली स्वतंत्रता। यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है बहन-बेटियों की मनचलों से सुरक्षा, यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है गरीब के कल्याण के लिए निरंतर काम, यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है केंद्र की योजनाओं पर ‘डबल स्पीड’ (दोगुनी गति) से काम।’’
जानिए PM के लिए क्या है दोहरी खुशी की बात
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आज यूपी में संत रविदास की जयंती है और उनके मंदिरों में अनेकों भक्त जुटे हैं। मुझे भी दिल्ली में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी विश्राम धाम मंदिर में जाने का सौभाग्य मिला। मान्यता है कि जब एक बार गुरु रविदास जी राजस्थान जा रहे थे तो दिल्ली में उसी स्थान पर उन्होंने विश्राम किया था और मेरे लिए दोहरी खुशी ये भी है कि मैं उस काशी का सांसद हूं जहां संत रविदास जी का जन्म हुआ था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ये भी मेरा सौभाग्य है कि वाराणसी में उनके मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य करने के लिए ईश्वर ने मुझे माध्यम बनाया और इतने वर्षों से जो काम नहीं हुआ था, मुझे रविदास मंदिर परिसर को सजाने का मौका मिला।’’


Download Android App
Download iOS App



