उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के थाना जेठवारा क्षेत्र के ग्राम सभा फूलपुर में शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के दो पक्षों में प्रचार के दौरान मारपीट हुई और गोलियां चलीं। घटना में गोली लगने से एक पक्ष के समर्थक की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के प्रत्याशी सहित दो लोग घायल हो गये।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) रोहित मिश्रा ने बताया कि आज सुबह क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी ऐनुल हसन (38) अपने समर्थक क़य्यूम (35) के साथ ग्राम सभा फूलपुर में प्रचार कर रहा था तभी दूसरे पक्ष की प्रत्याशी हसीना बेगम और उसका पति वकील अहमद मुंडा और वहीद (55) आदि पहुंचे।
प्रचार को लेकर दोनों पक्षों में लाठी डंडा व फरसे से मारपीट हुई और गोली भी चली। गोली लगने से वहीद और मारपीट में दूसरे पक्ष से ऐनुल हसन व क़य्यूम घायल हो गए। उपचार के लिए घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सकों ने वहीद (55) को मृत घोषित कर दिया और घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के संबंध में विधिक कार्यवाही कर रही है। पंचायत चुनाव के लिए प्रतापगढ़ जिले में 19 अप्रैल, सोमवार को मतदान होना है।


Download Android App
Download iOS App



