प्रयागराज : जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर से कांवरियों को लेकर प्रयागराज आ रहे मैजिक वाहन के रविवार दोपहर एक बजे फूलपुर थाना अंतर्गत रानी का तालाब के पास अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार दो कांवरियों की मृत्यु हो गई। फूलपुर थाने के एसएचओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि कांवरियों का मैजिक वाहन आज दोपहर करीब एक बजे अरवासी गांव के रानी का तालाब के पास अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे उसमें सवार कई कांवरिये घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल भेजा गया जहां दो कांवरियों को मृत घोषित कर दिया गया। इनकी पहचान 25 वर्षीय मुलायम और 24 वर्षीय अजय के रूप में की गई है। ये जौनपुर के शाहगंज स्थित गुलरा के रहने वाले थे। सिंह ने बताया कि अन्य छह घायलों का इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



