PM मोदी ने वाराणसी के दौरे पर काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, सड़कों पर उमड़ी लोगों की भारी भीड़

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर है। ऐसे में पीएम मोदी ने आज रोड शो किया, जिसके बाद वो काशी विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेकने पहुंचे। काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री ने पूजा-अर्चना की।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का अंतिम चरण अभी बाकी है, ऐसे में सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी तरफ से किसी भी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर है। ऐसे में पीएम मोदी ने आज रोड शो किया, जिसके बाद वो काशी विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेकने पहुंचे। काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री ने पूजा-अर्चना की। पीएम मोदी के रोड शो के दौरान भारी संख्या में लोगों की भीड़ सड़कों पर मौजूद थी। 

प्रधानमंत्री का रोड शो करीब 3.1 किमी लंबा था 
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी में शुक्रवार को दो बजे से मलदहिया स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोड शो की शुरूआत की। प्रधानमंत्री के रोड शो के दौरान जनता में गजब का उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री का रोड शो करीब 3.1 किमी लंबा था।यह मलदहिया चौराहे से शुरू होकर लहुराबीर, कबीरचौरा, लोहटिया, मैदागिन, नीचीबाग, चौक होते हुए बाबा विश्वनाथ धाम तक गया। यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद लिया। इसके बाद पीएम मोदी सोनारपुरा, अस्सी मार्ग से होते हुए बीएचयू गेट पर स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करेंगे। 
पीएम मोदी ने किया चुनावी प्रचार 
इससे पहले पीएम मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूरी दुनिया इस सदी के नाजुक दौर से गुजर रही है और महामारी, अशांति, अनिश्चितता से अनेक देश प्रभावित हैं,लेकिन संकट चाहे कितना भी गहरा हो भारत के प्रयास उससे भी ज्यादा बड़े रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मिर्जापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही।  
पीएम मोदी ने यूक्रेन संकट का जिक्र करते हुए कहा-  
प्रधानमंत्री ने यूक्रेन संकट का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमने ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से हजारों छात्रों को सुरक्षित रूप से निकाला है और शेष बचे लोगों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए हवाई जहाज लगातार उड़ान भर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘‘ इस समय पूरा विश्व इस शताब्दी के नाजुक दौर से गुजर रहा है। आज महामारी, अशांति ,अनिश्चितता से अनेक देश प्रभावित हो रहे हैं लेकिन आप देख रहे हैं कि संकट चाहे कितना भी गहरा हो भारत के प्रयास उससे भी ज्यादा बड़े रहे हैं ।”अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से कहा, आप सभी को ‘परिवारवादियों’ और ‘माफियाओं’ को हराना है और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना है।’’

Desk Team