BJP सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘अपराध प्रदेश’ में बदल दिया : प्रियंका गांधी

Summary :

प्रियंका ने कहा, “बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल डाला है। उनकी अपनी सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश बच्चों के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है”

कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले इनामी बदमाश विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस पुरे घटनाक्रम की सुप्रीम कोर्ट के जज से न्यायिक जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला किया। 
प्रियंका ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल डाला है। उनकी अपनी सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश बच्चों के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, महिलाओं के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, दलितों के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, अवैध हथियारों के मामलों में सबसे आगे है, हत्याओं में सबसे ऊपर है।’’

विकास दुबे के एनकाउंटर पर राहुल गांधी का शायराना तंज- ‘कई जवाबों से अच्छी खामोशी उसकी’

उन्होंने दावा किया, ‘‘उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत बिगड़ चुकी है। इस स्थिति में विकास दुबे जैसे अपराधी फल-फूल रहे हैं। इन्हें कोई रोकने वाला नहीं है। पूरा प्रदेश जानता है कि इनको राजनीतिक और सत्ता का संरक्षण मिलता है।’’ प्रियंका ने सवाल किया कि विकास दुबे की कथित मुठभेड़ में मौत के बाद, कानपुर गोलीकांड में मारे गए पुलिसकर्मियों के परिजन को कैसे भरोसा दिलाया जा सकेगा कि उन्हें न्याय मिलेगा?
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से कानपुर कांड की न्यायिक जांच कराई जाए और पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।’’ उन्होंने कहा कि विकास दुबे जैसे अपराधियों को संरक्षण देने वालों की असलियत सामने आनी चाहिए क्योंकि जब तक ऐसा नहीं होगा, तब तक पीड़ित परिवारों के साथ न्याय नहीं हो सकेगा। 
 गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे शुक्रवार की सुबह कानपुर के भौती इलाके में पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। विकास दुबे को गुरुवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था।

Desk Team