एंबुलेंस चालकों पर कार्रवाई को लेकर प्रियंका ने कहा- फूल बरसाने की बात करने वाली UP सरकार लट्ठ बरसा रही है

Summary :

प्रियंका गांधी ने हड़ताली एंबुलेंस चालकों के खिलाफ कार्रवाई पर तंज कसते हुये कहा कि एंबुलेंस चालकों पर फूल बरसाने की बात करने वाली उत्तर प्रदेश सरकार वेतन की मांग करने पर उन पर लाठी बरसा रही है।

उत्तर प्रदेश में एंबुलेंस चालकों की हड़ताल जारी है। इस वजह से मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को एक वाराणसी में एंबुलेंस नहीं मिलने पर एक शख्स अपनी पत्नी को मजबूरन ट्राली पर अस्पताल ले गया। इसे लेकर अब सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाचार पत्र में छपी तस्वीर को शेयर करते हुए यूपी की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। 
वाड्रा ने गुरूवार को ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना काल में सरकार एंबुलेंस कर्मियों पर फूल बरसाने की बात करती थी और उन्होंने जैसे ही अपने अधिकारों की आवाज उठाई, सरकार उन पर लट्ठ बरसाने की बात कर रही है। सरकार ने एस्मा लगाकर 500 से ऊपर कर्मी बर्खास्त कर दिए और जनता परेशान है।” प्रियंका ने कहा कि ऐसी सरकार से प्रदेश को भगवान बचाए।


बता दें, प्रदेश में एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल है। इस बीच एस्मा लागू कर करीब 570 कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस की मदद से कर्मियों से एंबुलेंस लेकर दूसरे चालकों को सौंपी गई हैं। वहीं, एंबुलेंस सेवा देने वाली कंपनी का दावा है कि मरीजों को सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। गौरतलब है कि पिछले तीन दिनो से उत्तर प्रदेश में 102 और 108 एंबुलेंस के चालक हड़ताल पर हैं।

समाजवादी पार्टी ने भी इस मामले में यूपी की भाजपा सरकार को घेरा है। सपा ने ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की हठधर्मिता के चलते लोगों की जान जा रही है। 108-102 एंबुलेंस कर्मी 3 दिन से हड़ताल पर हैं। लेकिन इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। लखनऊ में एंबुलेंस ना होने पर किशोरी की गई जान।

Desk Team