कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के निजी या सरकारी कोविड-19 अस्पतालों में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं होने संबंधी बयान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार को आलोचना की और कहा कि ‘‘केवल एक असंवेदनशील सरकार ही’’ इस प्रकार का बयान दे सकती है।आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा था कि प्रदेश के किसी भी निजी या सरकारी कोविड अस्पताल में चिकित्सीय ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न अखबारों के संपादकों के साथ ऑनलाइन बातचीत के दौरान कहा था कि राज्य सरकार विभिन्न संस्थानों के साथ मिलकर इस जीवन रक्षक गैस के संबंध में समीक्षा करेगी।प्रियंका गांधी ने आदित्यनाथ के इस बयान के संबंध में मीडिया में आयी एक खबर को टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘‘जरा खुद को उन मरीजों की जगह रखकर देखिए, जिन्हें कहा जाता है कि ऑक्सीजन की कमी की वजह से दाखिला नहीं मिलेगा। ‘ऑक्सीजन कम है, मरीज ले जाओ’।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संवेदनहीन सरकार ही ऐसा वक्तव्य देगी।’’उन्होंने आदित्यनाथ के बयान संबंधी एक अन्य मीडिया खबर को टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मुख्यमंत्री जी, पूरे उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन को लेकर आपात स्थिति है। आपको मेरे खिलाफ मामला दर्ज करना है, मेरी सम्पत्ति जब्त करनी है, तो अवश्य करें, लेकिन भगवान के लिए स्थिति की गम्भीरता को पहचानिए और लोगों की जान बचाने के काम में तुरंत लगें।’’


Download Android App
Download iOS App



