आत्ममंथन के साथ लोकसभा चुनाव की रणनीति पर भी काम कर रही प्रियंका, बचा पाएंगी कांग्रेस की डूबती नैया?

Summary :

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हाल ही मे राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार को लेकर वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श कर रही है।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हाल ही मे राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार को लेकर पिछले तीन दिनों से प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श कर रही है और इस क्रम में उन्होंने आज इन नेताओं से अलग-अलग मुलाकात भी की। पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ सामूहिक रूप से गुरुद्वारा रकाबगंज स्थित कांग्रेस के वार रूम में हुई समीक्षा बैठक में गहन मंत्रणा की।
प्रियंका गांधी वरिष्ठ नेताओं से कर रही वन टू वन मुलाकात 
प्रियंका गांधी वाड्रा राज्य विधानसभा के चुनाव के नतीजों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक के बाद अब वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों से अलग-अलग चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा ‘‘कांग्रेस महासचिव का प्रदेश के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ वन टू वन मुलाकातों का सिलसिला चल रहा है। प्रियंका वाड्रा ने अब तक जिन नताओं से बात की है उनमें प्रमोद तिवारी, आचार्य प्रमोद कृष्णन, सतीश अजमानी, पूर्व विधायक अजय राय, पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, नवनिर्वाचित विधायक वीरेंद्र चौधरी आदि शामिल हैं।’’ 
लोकसभा चुनाव की भी हो रही तैयारी 
सूत्रों के अनुसार प्रियंका वाड्रा इस बातचीत में चुनाव नतीजों की समीक्षा के साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर भी गहन चर्चा कर रही है। बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस महज दो सीटों पर सिमट गई। लल्लू और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी करारी हार का सामना करना पड़ा। यही नहीं काग्रेंस का मत प्रतिशत भी घटकर क्षेत्रीय पार्टियों से भी नीचे पहुंच गया है। सियासी मायनों में काग्रेंस के दिग्गज नेता उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजों देखकर हैरान और परेशान हैं। 

Desk Team