प्रियंका का CM योगी पर कटाक्ष, युवाओं को धमकायें नहीं, जब्त हो सकती है आपकी भी प्रापर्टी

Summary :

प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी पर सीधे तौर पर युवाओं को डराने धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जायज मांगों के लिए आंदोलन करना एक संवैधानिक अधिकार है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की युवाओं से किसी के बहकावे में न आने की अपील पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हमला किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधे तौर पर युवाओं को डराने धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जायज मांगों के लिए आंदोलन करना एक संवैधानिक अधिकार है।
प्रियंका ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए लिखा, “इस देश में अपनी आवाज उठाना, प्रदर्शन करना और अपनी मांगों के लिए आंदोलन करना एक संवैधानिक अधिकार है। जायज मांगों के लिए आवाज उठाने वालों को डराने और धमकाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करना एक घोर अपराध है।’’ 


उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा ‘‘जिस ‘‘प्रॉपर्टी’’ पर योगी जी बैठे हैं, वह उनकी नहीं देश की जनता की है। याद रखें कि वह ‘‘प्रॉपर्टी’’ भी एक दिन जनता जब्त कर सकती है।’’ 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एक कार्यक्रम में 130 नव नियुक्त आबकारी निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपने के मौके पर कहा था कि सरकार की पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्यप्रणाली के कारण सरकारी विभागों में चयन की प्रक्रिया अब समय से पूर्ण हो रही है। युवाओं को किसी बहकावे में नहीं आना चाहिये। आज कोई गलत नहीं कर सकता है। जिसको अपनी प्रापर्टी जब्त करानी हो, वह गलत कार्य करे।

Desk Team