आगरा DM के नोटिस के बाद प्रियंका बोली- ‘आगरा मॉडल’ का झूठ फैलाकर इस परिस्थिति के जिम्मेदार कौन?

Summary :

प्रियंका ने कहा कि ” ‘आगरा मॉडल’ का झूठ फैलाकर इन विषम परिस्थितियों में धकेलने के जिम्मेदार कौन हैं? मुख्यमंत्रीजी 48 घंटे के भीतर जनता को इसका स्पष्टीकरण दें और कोविड मरीजों की स्थिति और संख्या में की जा रही हेराफेरी पर जवाबदेही बनाएं।”

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं इस खतरनाक वायरस को लेकर प्रियंका गांधी लगातार योगी सरकार पर हमलावर है। बीते दिनों यूपी में कोरोना से निपटने के लिए आगरा मॉडल का नाम खूब चर्चा में आया था। वहीं प्रियंका आगरा मॉडल को लेकर मंगलवार को एक बार फिर कहा कि योगी सरकार ने इस मॉडल का झूठा प्रचार कर सच को दबाने की कोशिश की है। दरअसल सोमवार को प्रियंका द्वारा किये गए आगरा कोरोना के पोस्ट को लेकर आगरा के डीएम ने नोटिस जारी किया। 

अब मंगलवार को प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि आगरा में कोरोना से मृत्युदर दिल्ली व मुंबई से भी अधिक है। यहां कोरोना से मरीजों की मृत्यदर 6.8% है। यहां कोरोना से जान गंवाने वाले 79 मरीजों में से कुल 35% यानि 28 लोगों की मौत अस्पताल में भर्ती होने के 48 घण्टे के अंदर हुई है।

प्रियंका ने कहा कि ” ‘आगरा मॉडल’ का झूठ फैलाकर इन विषम परिस्थितियों में धकेलने के जिम्मेदार कौन हैं? मुख्यमंत्रीजी 48 घंटे के भीतर जनता को इसका स्पष्टीकरण दें और कोविड मरीजों की स्थिति और संख्या में की जा रही हेराफेरी पर जवाबदेही बनाएं।”
बता दें कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने सोमवार को दावा किया, ‘‘सरकार की ‘जांच नहीं, कोरोना नहीं’ की नीति पर सवाल उठे थे, लेकिन सरकार ने उसका कोई जवाब नहीं दिया। अगर उप्र सरकार सच दबाकर कोरोना मामले में इसी तरह लगातार लापरवाही करती रही तो यह बहुत घातक होने वाला है।’’ उन्होंने जिस खबर का हवाला दिया उसके मुताबिक आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना के इलाज के लिए भर्ती हुए 28 कोरोना मरीजों की एडमिट होने के 48 घंटे के भीतर ही मौत हो गयी।
आगरा के डीएम की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा को नोटिस
जिसके बाद आगरा के डीएम की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा को नोटिस जारी किया गया और कहा गया है कि जिस तरह उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से 48 घंटे के अंदर आगरा में 28 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु होने की भ्रामक खबर फैलाई है, उससे कोरोना मरीज और जनता का मनोबल गिरेगा। आगरा के डीएम ने कांग्रेस महासचिव को नोटिस दे दिया है कि वो अगले 24 घंटे में अपने स्टेटमेंट का खंडन करें। 

चीन के साथ तनाव के बीच राहुल गांधी देश को बांटने की कर रहें कोशिश : जेपी नड्डा

Desk Team