ऑनलाइन गेमिंग के जरिए एक बांग्लादेशी युवक को भारतीय युवती से प्यार हो गया, जिसके बाद वह अवैध रूप से लखनऊ आ गया। खुफिया एजेंसियों की सूचना पर बाजारखाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चटोग्राम (बांग्लादेश) निवासी सज्जाद हुसैन और उसके फर्जी दस्तावेज बनाने वाले मो. तलहा को गिरफ्तार कर लिया है।
पब्जी गेम खेलने के दौरान हुआ प्यार
साल 2018 में ऑनलाइन पब्जी गेम खेलने के दौरान सज्जाद की दोस्ती ‘जूही इब्राहिम’ आईडी का इस्तेमाल करने वाली फरहीन नाज से हुई। बातचीत का सिलसिला प्यार में बदला, तो सज्जाद 18 अगस्त 2023 को पहली बार सऊदी अरब से लखनऊ आ गया। फरहीन ने उसे अपनी बहन के घर ठहराया और 28 अगस्त 2023 को दोनों ने अयोध्या में कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद से सज्जाद लखनऊ में ही रहने लगा और उसका वीजा भी समाप्त हो गया।
फर्जी दस्तावेजों से खोला खाता
भारत में रहने के लिए जब सज्जाद को पहचान पत्रों की जरूरत पड़ी, तो उसने अपने पड़ोसी और जनसेवा केंद्र संचालक मो. तलहा से संपर्क किया। तलहा को उसने ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 2,900 रुपये दिए।
जांच में एक बेहद चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा भी सामने आया है। सज्जाद का फर्जी निवास प्रमाणपत्र 10 अगस्त 2023 को ही बनवा दिया गया, जबकि वह पहली बार भारत 18 अगस्त 2023 को आया था। इन जाली दस्तावेजों के आधार पर उसने अन्य पहचान पत्र बनवाए और नाका स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में अपना खाता भी खुलवा लिया।
सज्जाद और नकली दस्तावेज बनाने वाला तलहा गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी सज्जाद को गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को उसके मददगार मो. तलहा को भी दबोच लिया। पुलिस ने तलहा की दुकान से कंप्यूटर, सीपीयू और कई दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की तलाश के लिए आगे की जांच जारी है।
क्या क्या-बरामद हुआ?
- 2 बांग्लादेशी पासपोर्ट
- फर्जी तरीके से बनाए गए आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी
- आईफोन 17 प्रो मैक्स समेत 2 मोबाइल फोन


Download Android App
Download iOS App




