उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर ‘पाकिस्तान चालीसा’ पढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक सत्ता में रहते हुए महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित किया और जाति जनगणना की बात नहीं की। मोदी सरकार ने भारत को भ्रष्टाचार से मुक्त कर विकास के मार्ग पर अग्रसर किया है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर ‘पाकिस्तान चालीसा’ पढ़ने का आरोप लगाया।
ग्रेटर नोएडा के दादरी विधानसभा क्षेत्र के अकिलपुर गांव पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, मैंने देखा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘पाकिस्तान चालीसा’ पढ़ते रहते हैं। जिस तरह से पाकिस्तानी सेना और वहां के प्रवक्ता बयानबाजी करते हुए बोल रहे थे कि पीएम मोदी ने ट्रंप के बोलने पर सीजफायर किया है, मैं उनको बताना चाहता हूं कि आज प्रधानमंत्री को डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया है। पीएम मोदी ने साफ तौर पर कहा कि हमें भारत और पाकिस्तान के बीच में किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं है। पाकिस्तान को औकात में लाने की ताकत भारत के अंदर है।
उन्होंने कहा, वे (राहुल गांधी) सिर्फ मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति और गरीबों का शोषण करते हैं। वे 60 साल तक सरकार में रहे, लेकिन उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित किया। मैं इस सभा में मौजूद लोगों से पूछना चाहता हूं कि 60 साल तक कांग्रेस की देश में सरकारें रहीं। क्या उन्होंने जाति जनगणना की बात की? मगर, जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो वे कहने लगे कि जाति जनगणना कराओ। मैं बताना चाहता हूं कि जितना काम पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने किया है, उतना काम तो कांग्रेस ने अपने 60 साल के शासन में कभी नहीं किया।
जब भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर में आतंक का सफाया कर रही थी, तब कांग्रेस और राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे थे। उनकी बयानबाज़ी सेना के शौर्य का अपमान थी। आज PM नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया—भारत ने कभी कोई मध्यस्थता स्वीकार नहीं की। भारत गोली का जवाब गोले से, ड्रोन का जवाब…
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) June 18, 2025
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश निराशा में डूबा हुआ था, भ्रष्टाचार और घोटालों से घिरा हुआ था। कोई सोच भी नहीं सकता था कि भारत तरक्की करेगा। लेकिन, आप सबने कमल का बटन दबाया और 56 इंच के सीने वाले एक गरीब के बेटे को प्रधानमंत्री बनाया, जिन्होंने भारत के तिरंगे की शान को पूरी दुनिया में फैलाया।


Download Android App
Download iOS App



