यूपी : प्रथम चरण के चुनाव के लिए सभी दल प्रचार में जुटे, आज करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां

Summary :

प्रथम चरण का मतदान 11 अप्रैल को, दूसरे चरण के लिए 18 अप्रैल और तीसरे चरण के लिए 23 अप्रैल को मतदान होंगे। चुनाव के परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे। 

लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में बस तीन दिन रह गए हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए ताबड़तोड़ प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को बिजनौर स्थित बिजनौर इंटर कॉलेज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद दोनों सहारनपुर के गांधी मैदान में दोपहर 12.30 बजे, शामली के वीवी कॉलेज में दोपहर लगभग 2.30 बजे सभा संबोधित करेंगे।

Priyanka-rahul

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों के लिए बिजनौर, मुजफ्फरनगर के रतनपुरी, बड़ौत के जनता वैदिक कॉलेज और शामली स्थित आर.के. इंटर कॉलेज में जनसभा संबोधित करेंगे।

गौतमबुध नगर में भाजपा और बसपा सपा गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला, कांग्रेस दे सकती है टक्कर

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती भी सोमवार को मेरठ जिले के हापुड़ रोड स्थित शकरपुर गांव में जनसभा को संबोधित करेंगी। वहीं वे अपनी दूसरी जनसभा ग्रेटर नोएडा के एक्स्पो मार्ट के नजदीक नॉलेज पार्क ग्राउंड में संबोधित करेंगी। इसके अलावा समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे गाजियाबाद (बालैनी) में सपा-बसपा के गठबंधन प्रत्याशी सुरेश बंसल के पक्ष में जनसभा संबोधित करेंगे।

mayawati_akhilesh

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के समर्थन में गाजियाबाद में चुनाव प्रचार करेंगे। गौरतलब है कि प्रथम चरण का मतदान 11 अप्रैल को, दूसरे चरण के लिए 18 अप्रैल और तीसरे चरण के लिए 23 अप्रैल को मतदान होंगे। चुनाव के परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे।

Desk Team