राम गोपाल वर्मा की बढ़ेगी मुश्किलें, विवादित ट्वीट मामले में तेलंगाना के बाद लखनऊ में भी दर्ज हुई FIR

Summary :

फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा की एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर किए गए विवादित ट्वीट मामले में मुश्किलें बढ़ती जा रही है।

फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा की एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर किए गए विवादित ट्वीट मामले में मुश्किलें बढ़ती जा रही है। एक सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह की शिकायत पर लखनऊ के हजरतगंज थाने में राम गोपाल के खिलाफ एफआरआई दर्ज की गई है। बता दें कि, इससे पहले वर्मा के खिलाफ तेलंगाना में विवादित ट्वीट को लेकर मामला दर्ज किया गया था।
महाभारत के पात्रों को गलत तरीके से चित्रित किया गया : शिकायतकर्ता
दरअसल, राम गोपाल वर्मा ने बुधवार को एक ट्वीट करते हुए लिखा, अगर द्रौपदी राष्ट्रपति हैं तो पांडव कौन हैं? और ज्यादा जरूरी सवाल कौरव कौन हैं? मनोज सिंह ने अपनी शिकायत में कहा, राम गोपाल वर्मा का यह ट्वीट माहौल को खराब करने के लिए किया गया प्रयास है, जिससे अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं। इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है, क्योंकि ट्वीट में महाभारत के पात्रों को गलत तरीके से चित्रित किया गया है और एक महिला के लिए अपमानजनक बातें कही गई हैं।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
मध्य क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) राघवेंद्र मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि, मामला दर्ज कर लिया गया है। वर्मा के खिलाफ धारा 295 ए, 501, 504 ,505 1 (बी) और 509 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Desk Team