‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ 28 जून को होगी युवा पंचायत, RLD प्रमुख जयंत चौधरी का ऐलान

Summary :

28 जून से 16 जुलाई के बीच पश्चिम उत्तर प्रदेश के 11 शहरों में जयंत चौधरी युवा पंचायत कर ‘अग्निपथ’ योजना को वापस लेने की मांग करेंगे।

अग्निपथ योजना व बेरोजगारी के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के मुखिया जयंत चौधरी भी विरोध प्रदर्शन में उतरने वाले हैं। पश्चिमी यूपी में आरएलडी ने अग्निपथ योजना के खिलाफ युवाओं के समर्थन में ‘युवा पंचायत’ नाम से एक अभियान की घोषणा की है। आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने ट्विटर पर अभियान की घोषणा करते हुए कहा, माफी वीर आदर्श, जुमला वीर प्रचारक, भाषण वीर नेता, भारतीय सेना को अग्नि वीर मत बनाओ!
28 जून से 16 जुलाई के बीच पश्चिम उत्तर प्रदेश के 11 शहरों में जयंत चौधरी युवा पंचायत कर योजना को वापस लेने की मांग करेंगे। जयंत चौधरी ने गुरुवार को अग्निपथ योजना को लेकर युवा पंचायत का ऐलान किया। उन्होंने कहा है कि 28 जून से 16 जुलाई तक पश्चिम उत्तर प्रदेश के 11 शहरों में युवाओं की पंचायत होगी। 


उन्होंने 28 जून को शामली में पहली युवा पंचायत की घोषणा की है। उसके बाद एक जुलाई को मथुरा, तीन जुलाई को मुजफ्फरनगर, चार जुलाई को बिजनौर, छह जुलाई को बुलंदशहर, आठ जुलाई को अमरोहा, नौ जुलाई को मुरादाबाद, 11 जुलाई को अलीगढ़, 12 जुलाई को आगरा, 14 जुलाई को गाजियाबाद और 16 जुलाई को बागपत में युवा पंचायत का आयोजन होगा। 

16 जुलाई को बागपत में आगे की रणनीति का ऐलान होगा। उन्होंने कहा है कि सेना भर्ती में अग्निपथ योजना युवाओं के लिए उचित नहीं है। उन्होंने नारा दिया है भारतीय सेना को अग्निवीर मत बनाओ, अग्निपथ योजना वापस लो। ज्ञात हो अग्निपथ योजना को लेकर पूरा विपक्ष हमलावर है। कांग्रेस, सपा, बसपा सभी ने अपने-अपने तरीके से विरोध जताया है। ऐसे में जयंत चौधरी ने पंचायत करने का निर्णय लिया है। 

ज्ञात हो कि थलसेना, नौसेना और वायुसेना में सैनिकों की भर्ती संबंधी अग्निपथ योजना की घोषणा की थी। जिसके तहत सैनिकों की भर्ती चार वर्ष की संक्षिप्त अवधि के लिए संविदा आधार पर की जाएगी। इस योजना के तहत तीनों सेनाओं में इस वर्ष करीब 46,000 सैनिक भर्ती किए जाएंगे। 
विरोध प्रदर्शन के बीच सरकार ने चयन के लिए पात्रता आयु साढ़े 17 वर्ष से अब 23 वर्ष कर दी है। चार साल की नौकरी के बाद युवाओं को 11.7 लाख रुपए की सेवा निधि दी जाएगी। इस पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। अग्निवीरों की भर्ती पूरे देश में आयोजित की जाएगी। मेरिट में आए युवाओं को इसमें चुना जाएगा।

Desk Team