अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बने रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज ने राम मंदिर निर्माण को लेकर एक बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा है कि जो लोग राम मंदिर निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, वे रसीद दिखाकर अपना चंदा वापस ले लें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो नेता अब यह आरोप लगा रहे हैं, वे वही नेता हैं जिन्होंने पूर्व में राम भक्तों पर गोलियां चलाई थीं।
मंदिर ट्रस्ट की जमीन खरीद में भ्रष्टाचार का दावा करने वालो और निर्माण पर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि सारे आरोप बेबुनियाद है, संजय सिंह और अखिलेश यादव ने अगर राम मंदिर में चंदा दिया है तो वे पर्ची दिखाकर अपने चंदे का पैसा वापस ले जा सकते हैं। साक्षी महाराज ने कहा, “उन्होंने कहा था कि वे बाबरी मस्जिद के पास एक पक्षी को भी नहीं जाने देंगे। उनके दंभ का करारा जवाब दिया गया है और राम जन्मभूमि स्थल पर एक भव्य मंदिर बन रहा है। ऐसे लोगों के पास निराधार आरोप लगाने के अलावा और कुछ नहीं है।”
साक्षी महाराज ने आगे कहा कि जहां तक चंपत राय की बात है तो उन्होंने अपना पूरा जीवन भगवान राम को समर्पित कर दिया है। ऐसे व्यक्ति पर आरोप लगाना सही नहीं है। फिर भी, यदि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने राम मंदिर के लिए कुछ दान किया है, तो वह रसीद दिखाकर अपना दान वापस ले सकते हैं। और अगर अखिलेश यादव ने भी दान दिया है, तो वह भी अपना दान वापस ले सकते हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर का कड़ा विरोध किया था।


Download Android App
Download iOS App



