शाहजहांपुर जिले के तिलहर निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी (सपा) के बूथ एजेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार को प्रदेश में हुए दूसरे चरण के मतदान के दौरान बूथ एजेंट का ग्रामीणों से विवाद हुआ था। इस दौरान एक ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि विक्रमपुर चकोरा गांव में समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंट सुधीर कुमार (20) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब सुधीर कुमार मंगलवार सुबह शौच के लिए जा रहे थे। घटना में एक ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि सोमवार को हुए मतदान के दौरान गांव के ही कुछ लोगों से सुधीर का विवाद हो गया था। एसपी ने बताया कि मामले में सोमवार देर रात निगोही थाना के प्रभारी दिलीप कुमार को पुलिस लाइन भेज दिया गया और क्षेत्र में तनाव के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस तथा पीएसी को तैनात कर दिया गया है तथा वह खुद निगोही क्षेत्र में बराबर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घटना में कई लोग घायल भी हुए थे।
बीजेपी समर्थकों के साथ मारपीट
वहीं, निर्वाचन क्षेत्र में एक अन्य घटना में सोमवार शाम बीजेपी की प्रत्याशी सलोना कुशवाहा के समर्थक आकाश तिवारी अपने समर्थकों के साथ जा रहे थे कि तभी सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा अपने समर्थकों के साथ आ गए और आकाश तिवारी तथा समर्थकों की बुरी तरह पिटाई की, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि बाद में कुशवाहा थाने पहुंच गईं और पुलिस थाना के बाहर शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर जाम लगा दिया जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज करके मार्ग खुलवाया। पुलिस ने तिवारी की शिकायत पर सपा प्रत्याशी रोशनलाल वर्मा उनके पुत्र मनोज वर्मा तथा सचिन वर्मा एवं 60 से अधिक समर्थकों के विरुद्ध हत्या के प्रयास एवं अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



