उत्तर प्रदेश में होने जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों को समर्थन देगी। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इसका ऐलान किया है।
सुभासपा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री राजभर ने शुक्रवार को प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा के उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि उनके दल के विजयी जिला पंचायत सदस्य चुनाव में सपा उम्मीदवारों का सहयोग करेंगे। एक सवाल के जवाब में अपने इस निर्णय को उचित करार देते हुए राजभर ने कहा कि वह बीजेपी को रोकने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।
उन्होंने सपा को समर्थन देने को लेकर पूछे जाने पर कहा कि सपा ही बीजेपी को जवाब देने में सक्षम है। यह पूछे जाने पर कि क्या उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव में भी वह सपा का समर्थन करेंगे, सुभासपा प्रमुख ने कहा कि वह स्थिति के अनुसार सही समय पर फैसला करेंगे।
राजभर ने आरोप लगाया है कि बीजेपी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत के लिए हर हथकंडा अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बलिया जिले में बीजेपी ने उनके दल की जिला पंचायत सदस्य सुप्रिया यादव को कल अपने दल में शामिल कराकर तत्काल जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि बीजेपी ने गुरुवार को बलिया से सुप्रिया यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री अनिल राजभर ने कल पार्टी के जिला कार्यालय पर सुप्रिया को पहले बीजेपी में शामिल कराया तथा इसके बाद उन्हें उम्मीदवार घोषित कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए 26 जून को नामांकन और तीन जुलाई को मतदान सुनिश्चित किया गया है। राजभर ने आरोप लगाया है कि योगी सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए धर्मांतरण मसले को हवा दे रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में सिस्टम ध्वस्त हो गया है और आम लोग महंगाई, भ्रष्टाचार व मूलभूत समस्याओं से त्रस्त हैं।
Source : PTI-Bhasha


Download Android App
Download iOS App



