पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को लेकर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जुबानी जंग जारी है। सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर सपा के काम का श्रेय लेने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए। सपा प्रमुख के आरोपों पर योगी के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने पलटवार किया।
सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव बच्चे नहीं है जो हर बात पर रोने लगें, वे पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। अगर वह भी काम करते तो उनका यह हाल नहीं होता। वहीं राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए पलटवार किया कि अखिलेश प्रदेश के विकास से खुश होने की जगह दुखी हो गए हैं।
PM मोदी के आने से पहले ही हुआ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का ‘उद्घाटन’, समाजवादियों ने काटा फीता
दरअसल, सपा प्रमुख ने मंगलवार को ट्वीट किया, ”फीता आया लखनऊ से और नई दिल्ली से कैंची आई, सपा के काम का श्रेय लेने को मची है ‘खिचम-खिंचाई’।” ट्वीट में आगे उन्होंने कहा, ”आशा है कि अब तक अकेले में बैठकर लखनऊ वालों ने ‘समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे’ की लंबाई का आंकड़ा रट लिया होगा। सपा ‘बहुरंगी पुष्पवर्षा’ से इसका उद्घाटन करके एकरंगी सोच वालों को जवाब देगी।”
वहीं अखिलेश यादव ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर लागत कम करने के लिए गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाया। इसके बाद अखिलेश ने अपनी सरकार के समय 22 दिसंबर 2016 की समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की जिसमें उनके समेत सपा के कुछ वरिष्ठ नेता नजर आ रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



