‘कम सोता हूं, काम ज्यादा करता हूं’: बागपत DM दिव्यांशु पटेल का संदेश, जनसमस्याओं का तुरंत होगा निपटारा

Summary :

डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आमजन तक पहुंचाना प्रशासन का पहला मकसद है। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों की नियमित निगरानी की जा रही है। जिन क्षेत्रों से अधिक शिकायतें सामने आती हैं, वहां विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी।

Baghpat news

Baghpat news : अधिकारियों पर फोन न उठाने की शिकायतों के बीच बागपत के जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने अपनी कार्यशैली को लेकर बड़ा संदेश दिया। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएम ने कहा कि वह रात दो बजे तक भी फोन उठाएंगे। उन्होंने कहा, “मैं सोता कम हूं और जागता ज्यादा हूं। रात दो बजे तक फोन उठाऊंगा और सुबह पांच बजे उठ जाता हूं।”

डीएम के इस रुख से उनकी कार्यशैली और जिले के लिए उनकी प्राथमिकताओं की झलक मिलती है। रात दो बजे तक फोन उठाने की बात कहने वाले डीएम बागपत के विकास और जनसमस्याओं को लेकर किस तरह की सक्रियता चाहते हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा, “मुझे बागपत के लिए कुछ करना है, मेरा मकसद है कि मैं कुछ करूं।”

डीएम ने जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। साथ ही अधिकारियों को सुबह 10 बजे से अपने कार्यालयों में उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन अपनी समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचा सकें।

सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना पहला मकसद

Baghpat news

डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आमजन तक पहुंचाना प्रशासन का पहला मकसद है। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों की नियमित निगरानी की जा रही है। जिन क्षेत्रों से अधिक शिकायतें सामने आती हैं, वहां विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी।

केंद्रीय विद्यालय और स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस

प्रेसवार्ता में छपरौली में केंद्रीय विद्यालय से जुड़े प्रकरण पर भी चर्चा हुई। डीएम ने बताया कि इसके समाधान के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा तय की गई है। ईशा फाउंडेशन के योग एवं आरोग्य केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।

जिला संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों की नियुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

इतिहास और संस्कृति से जुड़ेगा बागपत का विकास

मीडिया संवाद में बागपत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को विकास से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मीडिया प्रतिनिधियों की ओर से बागपत महोत्सव आयोजित करने का सुझाव दिया गया। इसके जरिए जिले की कला, संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

डीएम ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच निरंतर संवाद से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकता है। प्रेसवार्ता में एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी समेत मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।