केंद्रीय कपड़ा, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरूवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया । स्मृति ने इस मौके पर स्कूली छात्र छात्राओं को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाये रखने के लिए खुद को समर्पित करने की शपथ दिलायी ।
उन्होंने कहा, ”आज यह हमारा सौभाग्य रहा कि अमेठी की आने वाली पीढ़ी हमारे वरिष्ठ नागरिकों के साथ, अमेठी के नौजवानों के साथ, महिलाएं और पुरुष बिना भेदभाव के राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ एकजुट होकर चले । आज सरदार वल्लभ भाई पटेल के चरणों में नमन करते हुए संकल्पित अमेठी ने भारत के नवनिर्माण में अपनी ओर से सहयोग और समर्पण की भावना का ऐलान किया ।”
स्मृति ने कहा, ”विशेष रूप से अखंड भारत का जो सपना सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देखा था, उसको साकार करते हुए धारा 370 के हटने के बाद जम्मू कश्मीर और लद्दाख के नागरिकों का मैं विशेष अभिनंदन करती हूं और उन्हें बहुत-बहुत बधाई देती हूं।” स्मृति ईरानी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिन के अवसर पर गौरीगंज में आयोजित ‘रन फार यूनिटी’ कार्यक्रम में भाग लिया ।
मंत्री ने सुबह अपने आवास पर आये फरियादियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया । उन्होंने यहां पार्टी के नेताओं से भी मुलाकात की । स्मृति ईरानी अमेठी नगर में भाजपा के लोक सभा संयोजक राजेश अग्रहरि द्धारा आयोजित महात्मा गांधी संकल्प संदेश पद यात्रा में शामिल हुईं ।


Download Android App
Download iOS App



