UP: उत्तर प्रदेश में संभल हिंसा को लेकर विपक्ष के रुख पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को निशाना साधा। उन्होंने कहा, यूपी में सपा की नहीं, सीएम योगी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। गलत काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। संभल हिंसा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, विपक्ष का रुख रचनात्मक होना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है। संभल मामले के दोषियों में मुख्य रूप से अभी समाजवादी पार्टी के सांसद और विधायक का नाम आ रहा है। बाकी अभी प्रकरण की जांच चल रही है।
भाजपा ने सपा पर साधा निशाना
भाजपा नेता ने कहा, संभल में 46 साल से बंद मंदिर मिला है। इसके अलावा और कई बड़ी-बड़ी घटनाएं वहां पर हो रही हैं। 22 कूपों के अंदर जब खुदाई हो रही हैं, तो उसमें खंडित मूर्तियां मिल रही हैं। समाजवादी पार्टी को सच को स्वीकार करना चाहिए। जामा मस्जिद के सर्वे के समय जो दंगे हुए थे, उसमें उनके लोग थे, यह बात भी स्वीकार करना चाहिए। लेकिन वो लोग विरोध कर रहे हैं, जनता इसको देख रही है और उनको इसका नतीजा भुगतना पड़ेगा। सपा आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से साफ हो जाएगी।
बिजली चोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई- केशव मौर्य
संभल में बिजली चोरी की घटना को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, संभल में बिजली चोरी को लेकर गड़बड़ियां करने वालों की जांच हो रही है। कानून की दृष्टि से जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ जरूर सख्त कार्रवाई होगी। दोषियों को समझ लेना चाहिए कि यूपी में अखिलेश यादव या समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं है। यहां पर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। जो सही रास्ते पर चलेगा, सरकार उसके साथ है। लेकिन जो गलत रास्ता अपनाएगा, सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। बता दें कि संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान उपद्रवियों ने सर्वे टीम पर पथराव कर दिया था। हिंसा भड़कने के कारण कई लोगों की जान भी चली गई थी।


Download Android App
Download iOS App



